Next Story
Newszop

लेडी पुलिस के घर में चोर, ड्यूटी पर थी आरक्षक, मकान में था लाखों का सामान, वापस लौटी तो देखा हैरान करने वाले नजारा

Send Push
शाजापुर: शहर में लालघाटी स्थित जेल कर्मचारियों के सरकारी आवास में चोरी हो गई। अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर महिला जेल प्रहरी के घर को निशाना बनाया। वे घर से 2 लाख रुपये नकद और 3 लाख रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। महिला प्रहरी ड्यूटी पर गई थी, जब वह लौटी तो उसे चोरी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





शाजापुर में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला लालघाटी इलाके का है। यहां जेल कर्मचारियों के लिए बने सरकारी आवास में ही चोरों ने धावा बोला। चोरों ने जेल में काम करने वाली एक महिला आरक्षक के घर को निशाना बनाया।





ताला लगाकर गई थीं ड्यूटी

महिला आरक्षक अंजू मार्को जिला जेल में पदस्थ हैं। सोमवार को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक उनकी जेल प्रहरी के रूप में ड्यूटी थी। वह घर पर ताला लगाकर ड्यूटी पर चली गई थीं। जब वह ड्यूटी से वापस लौटीं तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है।





आरक्षक ने पुलिस को दी सूचना

अंजू मार्को ने बताया कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी अर्जुनसिंह मुजाल्दे ने बताया कि पुलिस प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है। लालघाटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।





कमरे के अंदर ऐसे मिले हालात

अंजू मार्को (30) कृपालसिंह मार्को की बेटी हैं। वह जेल कॉलोनी, शाजापुर में रहती हैं। उन्होंने लालघाटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक उनकी ड्यूटी जिला जेल के महिला वार्ड में थी। ड्यूटी के बाद शाम करीब 6:15 बजे जब वह जेल कॉलोनी स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में वापस आई तो उन्होंने दरवाजे का कुंडा कटा हुआ पाया। वहां से ताला गायब था। क्वार्टर का गेट अंदर से बंद था, लेकिन पीछे का गेट खुला हुआ था।





अलमारी का ताला टूटा मिला

अंजू पीछे के गेट से क्वार्टर के अंदर गईं। उन्होंने देखा कि कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने के आभूषण और नकदी गायब थे।





लाखों का सामान ले गए चोर

उन्होंने बताया कि अलमारी के लॉकर से एक सोने की चैन, दो सोने के मंगलसूत्र, 7 सोने की अंगूठी, एक सोने का ब्रेसलेट, 6 सोने की कान की झुमकी, एक सोने का मांग टीका, एक सोने की नथ, एक सोने का हार, 7 जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी के कड़े, एक चांदी की करधनी, एक चांदी का चाबी का गुच्छा, एक चांदी का गुलुबंद (सुतिया), और 7 जोड़ी चांदी की बिछिया गायब हैं।

Loving Newspoint? Download the app now