धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में बीती रात करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर एक परिवार पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सोने-चांदी के जेवरात, करीब 3 लाख रुपए की नकदी, भगवान का चढ़ावा और एक बच्चे की गुल्लक लूटकर फरार हो गए। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
करीमपुर गांव में रात को अज्ञात बदमाशों ने अचल सिंह परमार पुत्र हुकम सिंह परिवार के घर को निशाना बनाया। वारदात की प्रत्यक्षदर्शी सरोज देवी ने बताया कि रात करीब 1:45 बजे आधा दर्जन बदमाश ग्रिल काटकर घर में घुसे। महिलाएं और बच्चे अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। गर्मी के चलते घर के सभी पुरुष बाहर सो रहे थे। कमरे में घुसकर बदमाशों ने सीने पर बंदूक रख दी। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर करीब 15 तोला सोना, आधा किलो चांदी और करीब 3 लाख रुपए की नकदी निकाल ली।
अलमारी लूटने के बाद बदमाश घर में बने भगवान के मंदिर में पहुंचे। मंदिर के दानपात्र में रखी नकदी भी लूट ले गए। तीसरे कमरे में घुसकर सामान खंगाला। उसके अंदर रखी बच्चों की गुल्लक भी लूट ली। बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक लूट की वारदात को अंजाम दिया और फिर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद महिलाओं ने घर के पुरुषों को इसकी सूचना दी। तमंचे के बल पर हुई लूट से करीमपुर कस्बे में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह एएसआई अजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने फिंगरप्रिंट भी एकत्र किए हैं। एएसआई अजय सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया जाएगा। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
You may also like
अमित शाह का बंगाल दौरा भाजपा कार्यकर्ताओं को बूस्ट करने वाला : अर्जुन सिंह
पीकेएल 12 ऑक्शन : पहले दिन 10 करोड़पति के बाद दूसरे दिन अनिल मोहन ने रचा इतिहास
Rising COVID-19 cases in India : केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित
जामुन: स्वास्थ्य के लिए लाभकारी फल और इसके अद्भुत फायदे
हाई ब्लड प्रेशर: जानें इसके कारण और उपचार के उपाय